Homeword pressबलौदाबाजार में विकास की नई इबारत: मंत्री टंकराम वर्मा के नेतृत्व में...

बलौदाबाजार में विकास की नई इबारत: मंत्री टंकराम वर्मा के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र का कायाकल्प, विपक्ष में बौखलाहट

दिले राम सेन।बलौदाबाजार। बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र पिछले कई दशकों से जिस विकास और सशक्त नेतृत्व की प्रतीक्षा कर रहा था, वह अब धरातल पर साकार होता दिख रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व, आपदा प्रबंधन, खेल एवं युवा कल्याण तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र में करोड़ों की लागत से विकास कार्यों की गंगा बह रही है। भाजपा मंडल अध्यक्ष (ग्रामीण) रविशंकर वर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मंत्री वर्मा के राजनीतिक सफर और क्षेत्र में हो रहे अभूतपूर्व कार्यों का ब्यौरा देते हुए विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया है।

छात्र राजनीति से कैबिनेट मंत्री तक का सफर

​ग्राम चाम्पा में जन्मे टंकराम वर्मा का जीवन सेवा और संघर्ष का पर्याय रहा है। छात्र राजनीति से शुरुआत कर शिक्षक के रूप में दायित्व निभाने और लोक संगीत व धर्म संस्थाओं से जुड़ाव रखने वाले श्री वर्मा ने राजनीति की बारीकियां दिग्गज नेताओं जैसे श्री रमेश बैस, श्री केदार कश्यप और स्व. करुणा शुक्ला के साथ रहकर सीखीं। जिला पंचायत रायपुर के उपाध्यक्ष और भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष के रूप में अपनी क्षमता सिद्ध करने के बाद, उन्होंने बलौदाबाजार विधानसभा से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर कैबिनेट मंत्री तक का सफर तय किया।

विकास कार्यों की झड़ी: 400 करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट्स

​प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बलौदाबाजार विधानसभा में अधोसंरचना और जनसुविधाओं के लिए राशि की कोई कमी नहीं होने दी गई है। प्रमुख विकास कार्यों पर एक नजर:

  • सड़क एवं परिवहन: लटूवा-पनगांव-बलौदाबाजार बाईपास (15 किमी) हेतु 88.68 करोड़, रिशदा बाईपास हेतु 20.99 करोड़ और बलौदाबाजार-भाटापारा सड़क चौड़ीकरण हेतु 25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
  • औद्योगिक एवं प्रशासनिक: बोईरडीह में नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना हेतु 240 करोड़ रुपये का प्रावधान है। जिला परिवहन कार्यालय में 15 करोड़ की लागत से ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक का निर्माण हो रहा है।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: सुहेला में नए कॉलेज भवन का निर्माण, बलौदाबाजार में नालंदा परिसर, कन्या शाला भवन (1.21 करोड़) और जिला चिकित्सालय के उन्नयन हेतु राशि जारी की गई है।
  • ग्रामीण विकास: गांव-गांव में रंगमंच, सीसी रोड, महतारी सदन और स्कूलों में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण निरंतर जारी है।

“विकास से डरी कांग्रेस”: भाजपा का पलटवार

​भाजपा मंडल अध्यक्ष रविशंकर वर्मा ने कहा कि क्षेत्र में हो रहे इन चौतरफा कार्यों से कांग्रेस घबरा गई है। उन्होंने हाल ही में कांग्रेस द्वारा किए गए मंत्री कार्यालय के घेराव को “फ्लॉप शो” करार देते हुए कहा:

“कांग्रेस के पेट में दर्द इसलिए है क्योंकि उन्हें अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती नजर आ रही है। घेराव में कार्यकर्ताओं की नगण्य उपस्थिति यह साबित करती है कि अब कांग्रेसी कार्यकर्ता भी मंत्री जी के विकास कार्यों के कायल हो चुके हैं और वे ऐसे निराधार आंदोलनों का हिस्सा नहीं बनना चाहते।”

आगामी योजनाएं

​मंत्री टंकराम वर्मा के प्रयासों से तिल्दा बाईपास का कार्य भी पाइपलाइन में है, जिसे जल्द ही धरातल पर उतारने की तैयारी है। भाजपा का दावा है कि बलौदाबाजार अब प्रदेश के सबसे विकसित विधानसभा क्षेत्रों में शुमार होने की ओर अग्रसर है।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
broken clouds
28.4 ° C
28.4 °
28.4 °
78 %
6.1kmh
82 %
Fri
29 °
Sat
30 °
Sun
30 °
Mon
31 °
Tue
32 °

Most Popular