Homeword pressसक्षम की ‘नई उड़ान’: छत्तीसगढ़ के 58 दिव्यांगजनों को मिली ई-साइकिल, अब...

सक्षम की ‘नई उड़ान’: छत्तीसगढ़ के 58 दिव्यांगजनों को मिली ई-साइकिल, अब आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगे कदम

दिले राम सेन। रायपुर/बलोदा बाजार/कोरबा: दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और एक समावेशी समाज के निर्माण से ही प्रदेश व देश का सर्वांगीण विकास संभव है। इसी ध्येय को चरितार्थ करते हुए ‘सक्षम’ (समदृष्टि क्षमताविकास एवं अनुसंधान मण्डल) द्वारा ‘सक्षम-एक नई उड़ान’ परियोजना के तहत छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के 58 दिव्यांगजनों को निःशुल्क ई-साइकिल का वितरण किया गया।

​राजधानी रायपुर के श्री राम मंदिर स्थित बाल्मीकि सभागृह में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज कल्याण विभाग के सचिव एवं आयुक्त भुवनेश यादव उपस्थित रहे।

​देशभर में 308 ई-साइकिल का वितरण, छत्तीसगढ़ को मिले सर्वाधिक

​सक्षम मध्य भारत के सचिव रविन्द्र कोपरगावकर ने बताया कि सक्षम दिव्यांगता के सभी 21 प्रकारों के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। ‘एल्टस’ (Altus) के साथ हुए एमओयू के तहत देशभर में 3.40 करोड़ रुपये की लागत से 308 ई-साइकिल वितरित की जा रही हैं। उन्होंने हर्ष जताते हुए कहा कि पूरे देश में सबसे अधिक 58 ई-साइकिल छत्तीसगढ़ के दिव्यांगों को प्रदान की गई हैं। भोपाल का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि वहां ई-साइकिल पाकर 10 दिव्यांग साथी आज जोमेटो के साथ जुड़कर स्वाभिमान से अपनी आजीविका चला रहे हैं।

​सरकार और संस्था के साझा प्रयास से बढ़ रही ताकत

​मुख्य अतिथि भुवनेश यादव ने शासन की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया:

  • ​प्रदेश में 6 लाख दिव्यांगों का चिन्हांकन कर 2.65 लाख यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए हैं।
  • ​1.67 लाख दिव्यांगों को वर्तमान में पेंशन प्रदान की जा रही है।
  • ​आधुनिक उपकरणों के लिए 5 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है।
  • ​स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण और न्यूनतम ब्याज पर ऋण की सुविधा उपलब्ध है।

​कार्यक्रम में उपस्थित गरियाबंद एसपी देवव्रत सिरमौर ने स्टीफन हॉकिंग का उदाहरण देते हुए कहा कि तकनीक और दृढ़ इच्छाशक्ति से कोई भी व्यक्ति अक्षम नहीं रहता। वहीं रायपुर अपर कलेक्टर उज्जवल पोडवाल ने अरुणिमा सिन्हा और रविन्द्र जैन जैसे व्यक्तित्वों का जिक्र कर दिव्यांगजनों को ‘दिव्य गुणों से युक्त’ बताया।

​तकनीकी प्रशिक्षण और रोड रैली

​सक्षम के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र शुक्ला ने कम समय में जरूरतमंदों की पहचान करने वाली पूरी टीम और ‘एल्टस’ के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने ई-साइकिल की चाबियां और हेलमेट वितरित किए। इसके उपरांत तकनीकी टीम ने ई-साइकिल के फीचर्स की जानकारी दी। खुशी से लबरेज दिव्यांगजनों ने राम मंदिर परिसर में ई-साइकिल रैली निकालकर अपनी नई आजादी का जश्न मनाया।

​विशेष उपस्थिति: कार्यक्रम में एल्टस से राधाचरण गुप्ता, सक्षम प्रांत सचिव अनुप पाण्डेय, और कार्यक्रम संयोजक सतीश राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। बलोदा बाजार से 6 और कोरबा से 4 दिव्यांगजनों को विशेष रूप से लाभान्वित किया गया।

​आत्मनिर्भरता की यह गूंज अब प्रदेश के हर कोने में सुनाई देगी।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
scattered clouds
29.2 ° C
29.2 °
29.2 °
53 %
2.3kmh
50 %
Tue
29 °
Wed
22 °
Thu
23 °
Fri
24 °
Sat
28 °

Most Popular