दिले राम सेन। कसडोल। विकास खंड शिक्षा कार्यालय (BEO) कसडोल में कार्यकुशलता और प्रशासनिक तत्परता की एक मिसाल देखने को मिली है। 31 अगस्त 2026 को अपनी 62 वर्ष की सेवा आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए दो प्रधान पाठकों—श्री अनिरूद्ध भोई एवं श्री जगमोहन सिंह पैकरा—को उनके सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश (PPO) सौंप दिया गया।

सामान्यतः सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन संबंधी दस्तावेजों की प्रक्रिया में महीनों का समय लग जाता है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हालांकि, विकास खंड शिक्षा अधिकारी के कुशल मार्गदर्शन और प्रभारी लेखापाल की निरंतर लगन व कार्य के प्रति प्रतिबद्धता के कारण यह प्रक्रिया समय रहते पूरी कर ली गई।
अंतिम कार्यदिवस पर बिना किसी विलंब के पेंशन आदेश प्राप्त होने पर दोनों सेवानिवृत्त प्रधान पाठकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विकास खंड शिक्षा अधिकारी एवं संपूर्ण कार्यालयीन अमले के प्रति सहृदय आभार प्रकट किया। बीईओ कार्यालय की इस त्वरित कार्यवाही और सकारात्मक कार्यशैली की विभागीय हलकों एवं शिक्षक समुदाय में सर्वत्र सराहना की जा रही है।



