महेश्वर जायसवाल बलौदाबाजार-भाटापारा। ग्राम बरेली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक नाबालिग युवक और उसके साथियों पर जानलेवा हमला कर मोबाइल व नगदी लूटने के मामले में गिरौदपुरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के कुशल निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रकरण में फरार चल रहे दो और आरोपियों को धर दबोचा है। इस मामले में पुलिस पूर्व में ही चार आरोपियों को जेल भेज चुकी है, जिसके बाद अब गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या छह हो गई है।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कौवाताल निवासी 16 वर्षीय प्रार्थी तरुण कुमार पटेल ने 6 सितंबर 2026 को चौकी गिरौदपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 4 सितंबर 2026 की शाम वह अपने दोस्तों के साथ ग्राम बरेली में एक कार्यक्रम देखने गया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही अभिषेक साहू, नागेश साहू और उनके अन्य साथियों ने उन्हें घेर लिया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों, लातों तथा लोहे के कड़े (चुड़ा) से बेदम पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान जब पीड़ित जमीन पर गिर गया, तो आरोपियों ने उसकी जेब में रखा रियलमी मोबाइल (सिम सहित) और 1,500 रुपये नगद लूट लिए।
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सख्त धाराओं में मामला दर्ज
प्रार्थी की शिकायत पर चौकी गिरौदपुरी (थाना गिधौरी) में अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 304(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
त्वरित कार्रवाई से सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल एक्शन लेते हुए पूर्व में 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी पतासाजी में जुटी हुई थी। 9 सितंबर 2026 को पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों फरार आरोपियों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
नवे गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- महेंद्र साहू (पिता: टिकेश्वर साहू, उम्र: 33 वर्ष), निवासी: ग्राम बरेली
- घनश्याम साहू (पिता: रामकृष्ण साहू, उम्र: 23 वर्ष), निवासी: ग्राम बरेली
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का स्पष्ट कहना है कि जिले में गुंडागर्दी, मारपीट और लूटपाट करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रकरण की आगे की विवेचना जारी है।



