दिले राम सेन।कसडोल छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन ब्लॉक इकाई कसडोल ने सेवारत शिक्षकों के हित में एक बड़ा कदम उठाया है। फेडरेशन ने प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में कार्यरत शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कसडोल के माध्यम से प्रेषित किया गया।

विशेष TET व्यवस्था और पदोन्नति की मांग
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के शासकीय स्कूलों में सहायक शिक्षक एवं शिक्षक पिछले कई वर्षों से निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में अचानक TET की अनिवार्य शर्तों से उनके भविष्य पर संकट मंडराने लगा है। संघ ने मांग की है कि अन्य राज्यों की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी वर्षों से कार्यरत शिक्षकों के लिए ‘विशेष TET’ का आयोजन किया जाए अथवा विशेष प्रावधान लागू कर उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, वरिष्ठता सूची और पूर्व प्रचलित नियमों के आधार पर पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की पुरजोर पैरवी की गई।
वेतन विसंगति का समाधान और पूर्व सेवा की गणना
ज्ञापन में लंबे समय से लंबित सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संघ का कहना है कि:
- प्रथम नियुक्ति तिथि से पूर्व में की गई सेवा अवधि को आधार माना जाए।
- इस अवधि की गणना करते हुए शिक्षकों को क्रमोन्नति, पदोन्नति, पेंशन तथा अन्य समस्त सेवा लाभ प्रदान किए जाएं।
- वर्षों से जारी आर्थिक नुकसान को दूर कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।
शासन से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद
ज्ञापन सौंपने के दौरान फेडरेशन के जिलाध्यक्ष मुरीत श्रीवास और ब्लॉक अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार पैकरा समेत बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी व शिक्षक उपस्थित रहे। ज्ञापन की प्रतियां स्कूल शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव, लोक शिक्षण संचालक, संयुक्त संचालक (शिक्षा संभाग) और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को भी प्रेषित की गई हैं।
शिक्षकों ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार उनकी जायज मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करेगी और सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, वेतन एवं पदोन्नति से जुड़ी समस्याओं का स्थाई समाधान निकालेगी।



