
महेश्वर जायसवाल। बलौदाबाजार | 16 जनवरी 2026 जिले में धान खरीदी के दौरान बिचौलियों और अवैध धान के परिवहन को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासनिक अमला लगातार चेक पोस्टों की निगरानी कर रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कसडोल एसडीएम और तहसीलदार ने विभिन्न जांच नाकों का औचक निरीक्षण किया, जहां ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले चार कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण और कार्रवाई
एसडीएम कसडोल आर.आर. दुबे एवं तहसीलदार विवेक पटेल ने ‘अवरई’ एवं ‘कुरकुटी’ जांच नाका का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नाकों पर तैनात कर्मचारी निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन नहीं कर रहे थे और आवक-जावक पंजी का संधारण भी संतोषजनक नहीं था।
इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने निम्नलिखित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है:
- प्रहलाद सिंह कैवर्त्य (प्रभारी, जाँच चौकी अवरई)
- रविशंकर तिवारी (प्रभारी, जाँच चौकी गिधौरी)
- आकाश पाटले (प्रभारी, जाँच चौकी रिकोकला)
- संजय नेताम (प्रभारी, जाँच चौकी नरधा कुरकुटी)
3 दिनों के भीतर माँगा जवाब
प्रशासन ने नोटिस जारी कर सभी संबंधित प्रभारियों से खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत अब तक की गई कार्रवाई और अवैध व्यापार पर नियंत्रण संबंधी विस्तृत रिपोर्ट 3 कार्य दिवस के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
बलौदाबाजार और लवन क्षेत्र में भी सतर्कता
केवल कसडोल ही नहीं, बल्कि जिले के अन्य हिस्सों में भी निगरानी तेज कर दी गई है। एसडीएम बलौदाबाजार प्रकाश कोरी ने लवन तहसील के ग्राम पण्डरिया स्थित चेक पोस्ट का दौरा किया। उन्होंने मौके पर तैनात टीम को बाहरी राज्यों या अन्य क्षेत्रों से आने वाले अवैध धान को जब्त करने और सघन जांच करने के कड़े निर्देश दिए।
अधिकारी का संदेश: > “शासन की मंशा है कि धान खरीदी का लाभ केवल वास्तविक किसानों को मिले। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी चेक पोस्टों पर 24 घंटे सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।”



