दिले राम सेन । कोरबा | 05 जनवरी 2026 दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और पुनर्वास के लिए समर्पित संस्था ‘सक्षम’ (समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल) की जिला इकाई कोरबा द्वारा विगत रविवार को एक भव्य जिला अधिवेशन का आयोजन किया गया। बुधवारी स्थित CSEB सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के समाजसेवियों, विशेषज्ञों और दिव्यांग प्रतिभाओं का संगम देखने को मिला।

गरुमामयी शुरुआत और वैचारिक सत्र
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रांत सह-सचिव एवं कोरबा जिला प्रभारी अंजलि चावड़ा, जिला संरक्षक डॉ. वीणा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष ज्योति श्रीवास और पाली ब्लॉक संयोजक निर्मला शर्मा द्वारा सूरदास जी एवं अष्टावक्र जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
प्रथम सत्र में अंजलि चावड़ा ने ‘सक्षम’ के उद्देश्यों और दिव्यांगता के 21 प्रकारों पर विस्तृत प्रकाश डाला। वहीं, डॉ. के.के. सोनी ने रक्त विकारों (सिकलसेल, हीमोफीलिया, थैलेसेमिया) से होने वाली दिव्यांगता और रक्तदान के महत्व पर जागरूक किया। राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक मुकुंद उपाध्याय ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा, “दिव्यांगता शरीर से कम, मन से मानने पर अधिक प्रभावित करती है। आपका संघर्ष ही समाज में आपकी पहचान बनाता है।”
विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
द्वितीय सत्र में मानसिक स्वास्थ्य और नेत्र सुरक्षा पर चर्चा हुई:
- संजय तिवारी (स्पर्श क्लिनिक): मनोरोग और मंदबुद्धिता के अंतर को स्पष्ट करते हुए सामाजिक चुनौतियों पर बात की।
- डॉ. वीणा अग्रवाल: नेत्र संबंधी समस्याओं, उनके कारणों और सावधानियों के बारे में जानकारी दी।
- विशेष शिक्षक: मीनाक्षी रत्नपाखी, सुधा शर्मा, ममता नायडू और अरुणा शर्मा ने दिव्यांग शिक्षा पद्धति और प्रवेश प्रक्रिया के अपने अनुभव साझा किए।
खिलाड़ियों का सम्मान और नवीन कार्यकारिणी की घोषणा
अधिवेशन में राष्ट्रीय दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी ओमकारेश्वर सोनवानी और राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी दिलबाग सिंह विशेष रूप से सम्मिलित हुए। उन्होंने अपनी खेल यात्रा साझा कर युवाओं को प्रेरित किया। इस अवसर पर ओमकारेश्वर सोनवानी द्वारा दिव्यांगजनों हेतु कंबल भी दान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में जिला सचिव लोकनाथ सेन ने नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें निर्मला शर्मा, मंगल जगत, ओमकारेश्वर सोनवानी, दीप्ति श्रीवास सहित अन्य सदस्यों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इन्हें मिला सम्मान
दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- समाजसेवी व शिक्षक: मीनाक्षी रत्नपाखी, सुधा शर्मा, ममता नायडू, अरुणा शर्मा, ज्ञान दास महंत, जगदीश श्रीवास, संतोष कर्ष, संजय कुमार तिवारी।
- रक्तदान व विशेष कार्य: मंगल जगत, रिखी राम श्रीवास, दिनेश शर्मा, महेश राठौर, गोपेश्वर सर्राफ, चिराग शर्मा।
- संस्थाएं: स्काउट गाइड पौड़ी उपरोड़ा, छत्तीसगढ़ सशक्त दिव्यांगजन संघ, मानव जागृत सेवा समिति।
- अन्य विशिष्ट जन: कविता सोनी, पन्ना लाल बांधे, ओमकार प्रसाद, श्रीकांत सिंह, नमिता कड़वे, सुनील साहू, केशव चंद्रा, यशवंत श्रीवास।
कार्यक्रम का समापन जिला कोषाध्यक्ष मेशराम पटेल द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ किया गया।



