बलौदाबाजार। सिटी डेंटल केयर बलौदाबाजार एवं पलारी के डायरेक्टर डॉ. आनंद वर्मा (BDS, MPH) के मार्गदर्शन में दंत स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु एक विशेष मुख एवं दंत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत वैदिक शिशु विद्या मंदिर, लुटवा एवं आदर्श पूर्व माध्यमिक शाला को “मुख एवं दंत रोग मुक्त विद्यालय” बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवाज शरीफ एवं सहायक मनीष दहरिया ने किया। उन्होंने छात्रों को उचित ब्रशिंग तकनीक, तंबाकू सेवन से होने वाले मुख रोगों, और अधिक फ्लोराइड युक्त पानी से दांतों के रंग पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान वैदिक शिशु विद्या मंदिर, लुटवा के केजी से कक्षा सातवीं तक कुल 56 छात्रों एवं आदर्श पूर्व माध्यमिक शाला के 35 छात्रों की निःशुल्क दंत जांच की गई। विद्यार्थियों को मौखिक स्वच्छता के महत्व और सही ब्रशिंग की विधि के बारे में प्रशिक्षित किया गया। साथ ही उन्हें वर्ष में कम से कम एक बार नजदीकी दंत चिकित्सक से जांच कराने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पुनेश्वर साहू (वैदिक शिशु विद्या मंदिर, लुटवा), एस.एम. पाध्या (आदर्श पूर्व माध्यमिक शाला), उष्मा पथारे, आरती साहू, कलावत एवं विद्यालय के अन्य सहायक स्टाफ उपस्थित रहे।
डॉ. आनंद वर्मा ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक अवस्था से ही दंत स्वच्छता की आदत विकसित करना है, जिससे भविष्य में दांतों से संबंधित बीमारियों को रोका जा सके।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने दंत स्वास्थ्य से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर डॉ. नवाज शरीफ ने सरल एवं रोचक ढंग से दिया। विद्यालय प्रबंधन ने सिटी डेंटल केयर की टीम को इस सराहनीय पहल के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।



