महेश्वर जायसवाल,कसडोल। घर के सामने जुआ खेलने और गाली-गलौज करने से मना करना एक परिवार को भारी पड़ गया। गुस्से में आकर एक युवक ने चाकू से पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। घटना में पिता को गंभीर चोटें आई हैं। मामले में कसडोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 9 नवंबर 2026 की रात करीब 12:10 बजे थाना कसडोल क्षेत्र के ग्राम नया खर्वे की है। बताया जाता है कि आरोपी आकाश साहू प्रार्थी के घर के सामने जुआ खेलते हुए आपस में गाली-गलौज कर रहा था। इस पर प्रार्थी के पुत्र ने उसे ऐसा करने से मना किया। इसी बात को लेकर आरोपी आक्रोशित हो गया और अश्लील गाली-गलौज करने लगा।
विवाद बढ़ने पर जब प्रार्थी ने बीच-बचाव किया, तो आरोपी ने उसे भी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह अपने घर से चाकू लेकर आया और प्रार्थी के बाएं कंधे तथा दाहिने हाथ पर वार कर दिया।
घटना की रिपोर्ट पर थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 434/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) एवं 118(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने जुआ खेलने से मना करने की बात पर चाकू से हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया है।
26 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश साहू पिता छोटेलाल, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम नया खर्वे, थाना कसडोल के रूप में हुई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस की सख्ती से अपराधियों में कार्रवाई का संदेश
पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस घटना में कसडोल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और हिंसक घटनाओं को अंजाम देने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्त रुख अपना रही है।




