दिले राम सेन।बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित लोकभवन (छत्तीसगढ़ मंडपम) में आयोजित भव्य राज्य पुरस्कार एवं राज्य अलंकरण समारोह में बलौदाबाजार जिले के मेधावी स्काउट्स, गाइड्स, रोवर और रेंजर को सम्मानित किया गया। राज्यपाल रमेन डेका और स्कूल शिक्षा मंत्री सह भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष गजेंद्र यादव के करकमलों से जिले के कुल 92 प्रतिभागियों को राज्य पुरस्कार प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

जिले की गौरवशाली उपलब्धि
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले से बड़ी संख्या में युवाओं ने इस मुकाम को हासिल किया है।
- कुल सफल प्रतिभागी: 92
- स्काउट: 35
- गाइड: 50
- रोवर: 03
- रेंजर: 04
कार्यक्रम में जिले की ओर से स्काउट राकेश बंजारे, गाइड कु. दिव्या साहू, रोवर खिलेश कुमार साहू, रेंजर तनुश्री चंद्रवंशी और प्रभारी गाइडर सुश्री रामेश्वरी साहू ने जिले का प्रतिनिधित्व किया।
राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य उद्बोधन के मुख्य बिंदु
समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज जल, जंगल और जमीन को बचाना हमारी सबसे बड़ी चुनौती है, और इस दिशा में स्काउट गाइड बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
- पर्यावरण सुरक्षा: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद कारगर साबित हो रहा है।
- बस्तर का बदलता स्वरूप: राज्यपाल ने खुशी जताई कि इस पुरस्कार के लिए बस्तर क्षेत्र से भी स्काउट-गाइड पहुंचे हैं। बस्तर से नक्सलवाद समाप्ति के बाद वहां शांति है और क्षेत्र तेजी से बदल रहा है।
- युवाओं को संदेश: उन्होंने स्काउट-गाइड के आदर्श वाक्य ‘तैयार रहो’ का जिक्र करते ہوئے कहा कि यह हमें विषम परिस्थितियों और जिम्मेदारियों के लिए हमेशा तैयार रहना सिखाता है। युवाओं को नसीहत दी कि समय को पहचानकर संघर्ष करना और अपनी जगह बनाना ही सफलता की कुंजी है।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का संदेश
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शिक्षा मंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने कहा कि भारत स्काउट गाइड नियम और प्रतिज्ञाओं से बंधा होता है, जो इन्हें समाज में एक अलग पहचान दिलाता है। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड का यूनिफॉर्म इसे अन्य बच्चों से उत्कृष्ट बनाता है और स्काउट-गाइड की सेवा कभी सेवानिवृत्त नहीं होती।
शुभकामनाएं और गरिमामयी उपस्थिति
जिले की इस शानदार उपलब्धि पर कार्यवाहक अध्यक्ष रामाधार पटेल, कोषाध्यक्ष पीयूष मिश्रा सहित संघ के समस्त पदाधिकारियों ने सभी सफल प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
समारोह में राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, राज्य सचिव अमित क्षत्रिय, जिला मुख्य आयुक्त अजय राव (जिला शिक्षा अधिकारी), जिला आयुक्त गाइड श्रीमती वंदना तिवारी, राज्य मुख्यालय आयुक्त व जिला सचिव डॉ. जगदीश साहू, जिला संगठन आयुक्त सूरज कसार, राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, खोडसराम कश्यप, अरुण छाबड़ा, स्थानीय संघ की उपाध्यक्ष श्रीमती सबा खान, रामखिलावन वर्मा और रामेश्वरी साहू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



