दिले राम सेन।बलौदा बाजार।नवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बलौदा बाजार के सुभाष ओपन रोवर क्रू डमरू के तत्वावधान में 15वीं सदी के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर डमरू प्रांगण में भव्य सेवा कार्य का आयोजन किया गया। इस दौरान रोवर्स ने श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और वाहन पार्किंग में अपनी अग्रणी भूमिका निभाकर समाज के सामने सेवा और अनुशासन की मिसाल पेश की।
अधिकारियों और रोवर लीडर के मार्गदर्शन में सेवा
यह सेवा कार्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त (स्काउट) श्री एस. के. गेंदले, जिला संगठन आयुक्त श्री सूरज कसार तथा राज्य मुख्यालय आयुक्त व जिला सचिव डॉ. श्री जगदीश साहू के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। रोवर लीडर श्री किशन कुमार साहू के नेतृत्व में रोवर्स ने अनुशासित और समर्पित भाव से अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया।
स्वच्छता, पेयजल और भीड़ नियंत्रण में रोवर्स रहे मुस्तैद
नवरात्रि के दौरान मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रोवर्स ने पूरे परिसर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ आने वाले भक्तों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था संभाली। श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन कराने हेतु कतारबद्ध करने और मंदिर मार्ग पर यातायात को सुचारू रखने के लिए वाहन पार्किंग व्यवस्था में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
अष्टमी के हवन-पूजन और भंडारे में भी निभाई भागीदारी
अष्टमी तिथि के विशेष अवसर पर मंदिर में आयोजित हवन-पूजन एवं विशाल भंडारा भोज में रोवर्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रोवर्स ने प्रसाद बनाने, भंडारे के वितरण, स्वच्छता एवं पार्किंग व्यवस्था संभालने में पूर्ण निष्ठा दिखाई और मंदिर समिति तथा ग्रामीणों के साथ मिलकर सेवा ही सर्वोपरि की भावना को चरितार्थ किया।
इन सदस्यों का रहा विशेष योगदान
रोवर लीडर श्री किशन कुमार साहू ने बताया कि इस पूरे सेवा अभियान में जिला मीडिया प्रभारी रोवर खिलेश कुमार साहू, रोवर हिमांशु साहू, रोवर श्रवण साहू तथा रोवर रामप्रसाद साहू सहित अन्य रोवर्स की सक्रिय सहभागिता रही।
मंदिर समिति एवं ग्रामवासियों ने की सराहना
मां महामाया विकास समिति डमरू के अध्यक्ष श्री नंदलाल साहू, पंडा श्री रंजीत साहू, पंडा श्री शत्रुहन लाल साहू, समस्त ग्रामवासियों एवं दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने रोवर्स के नि:स्वार्थ सेवा भाव की भूरि-भूरि प्रशंसा की। समिति के सदस्यों ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में युवाओं की ऐसी सहभागिता समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने स्काउट्स एवं रोवर्स के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की।



