दिले राम सेन।बलौदाबाजार/भरसेला (पलारी): प्रकृति शिक्षण विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और अपनी विलक्षण प्रतिभा की बदौलत पलारी तहसील के ग्राम भरसेला की 22 वर्षीय कु. किरण सेन ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। किरण का चयन ‘खोजी विद्यार्थी’ के रूप में प्रतिष्ठित ‘राज्य अलंकरण सम्मान’ हेतु हुआ है। यह सम्मान समारोह धमतरी जिले के कुरुद में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान आयोजित किया जाएगा। इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे सेन समाज और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

चिकित्सा शिक्षा के साथ साहित्य में गाड़े झंडे
श्री कृष्ण कुमार सेन की सुपुत्री किरण सेन वर्तमान में बी.एससी. नर्सिंग चतुर्थ वर्ष (7वें सेमेस्टर) की छात्रा हैं। चिकित्सीय शिक्षा की व्यस्तता के बावजूद साहित्य और विशेष रूप से कविता लेखन के प्रति उनका गहरा लगाव है। बीते एक वर्ष से वे साहित्यिक लेखन में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। अपनी रचनाओं के ज़रिए वे नारी सशक्तिकरण, मातृभाषा, शिक्षा, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं जैसे गंभीर विषयों को बड़ी सहजता से समाज के सामने रख रही हैं।
कई साझा संकलनों में प्रकाशित हो चुकी हैं रचनाएँ
किरण की लेखनी का लोहा कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर माना गया है। उनकी रचनाएँ “अनुपम लघुकथाएँ”, “शिक्षक दिवस”, “माँ आदिशक्ति”, “नारी सशक्तिकरण”, “कुछ पल्लव अंजूरी में” तथा “गौरैया: एक अधूरा आँगन” जैसे चर्चित साझा संकलनों में जगह बना चुकी हैं।
इसके पूर्व भी उन्हें मातृभाषा व साहित्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए “मातृ भाषा रत्न मानद उपाधि सम्मान” और नेपाल की प्रतिष्ठित संस्था ‘शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन’ द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है।
समाज व गणमान्य लोगों ने दी बधाइयाँ
किरण सेन की इस गौरवमयी उपलब्धि पर सर्व सेन समाज बलौदाबाजार के पदाधिकारियों में भारी उत्साह है। समाज के जिला अध्यक्ष श्री बसंत श्रीवास, जिला सचिव श्री नागेश सेन, जिला कोषाध्यक्ष श्री प्रीतपाल सिंह सेन, जिला संरक्षक श्री भवानी शंकर श्रीवास, श्री मुलेश्वर श्रीवास, श्री कन्हैया सेन सहित समस्त कार्यकारिणी, महिला एवं युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने किरण को ढेरों बधाइयाँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



