Homeword pressनायब तहसीलदार से मारपीट का मामला गरमाया: तहसीलदारों के समर्थन में उतरा...

नायब तहसीलदार से मारपीट का मामला गरमाया: तहसीलदारों के समर्थन में उतरा पटवारी संघ, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

दिले राम सेन।बलौदा बाजार, 1 जून 2026।सरगुजा जिले के मैनपाट तहसील (उपतहसील राजापुर) में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ शासकीय कार्य के दौरान हुई मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला अब पूरे प्रदेश में तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में जहां कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ 1 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चला गया है, वहीं अब प्रशासन की रीढ़ कहे जाने वाले राजस्व पटवारी संघ ने भी इस आंदोलन को अपना खुला समर्थन दे दिया है।

​सोमवार को राजस्व पटवारी संघ जिला बलौदा बाजार-भाटापारा द्वारा प्रांतीय निर्देशानुसार राजस्व मंत्री के नाम कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा गया। पटवारी संघ ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे भी किसी भी वक्त अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

​शासकीय सेवक पर हमला घोर निंदनीय: पटवारी संघ

​पटवारी संघ के संभाग अध्यक्ष भावेश वर्मा एवं जिला अध्यक्ष रसपाल सिंह ने संयुक्त बयान में इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा:

​”एक शासकीय सेवक के साथ ड्यूटी के दौरान जनप्रतिनिधियों और उनके समर्थकों द्वारा मारपीट व दुर्व्यवहार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और घोर निंदनीय है। इससे शासकीय कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। हमने कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर तत्काल कड़े कानून के तहत कार्रवाई की मांग की है।”

​…तो ठप हो जाएगा राजस्व विभाग, किसानों पर पड़ेगा सीधा असर

​पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान समय खेती-किसानी का है, जो किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। तहसीलदारों की हड़ताल के बाद यदि पटवारी संघ भी काम बंद कर हड़ताल पर चला जाता है, तो राजस्व विभाग का पूरा कामकाज पूरी तरह ठप हो जाएगा। इसका सीधा असर आम जनता और खासकर किसानों पर पड़ेगा। हड़ताल की स्थिति में:

  • ​फौती, नामांतरण और बंटवारा के मामले अटक जाएंगे।
  • ​सीमांकन का कार्य रुक जाएगा।
  • ​छात्र-छात्राओं और आम लोगों के लिए जरूरी आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनने बंद हो जाएंगे।

​ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे उपस्थित

​कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से संभाग अध्यक्ष भावेश वर्मा, जिला अध्यक्ष रसपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष विजय डहरिया, मनेश मांडवी, आसिफ अली, टीकाराम यादव, नरेंद्र वर्मा, बीरेन्द्र दिवान, संदीप पैकरा, प्रभात वर्मा, सुशील ध्रुव एवं दुर्गेश वर्मा सहित संघ के कई प्रमुख सदस्य और पटवारी उपस्थित रहे।

पृष्ठभूमि:

गौरतलब है कि बीते 27 मई 2026 को सीतापुर के विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इसके विरोध में प्रदेशभर के तहसीलदार और नायाब तहसीलदार 1 जून से तब तक के लिए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं, जब तक कि इस घटना में शामिल सभी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
broken clouds
28.4 ° C
28.4 °
28.4 °
78 %
6.1kmh
82 %
Fri
29 °
Sat
30 °
Sun
30 °
Mon
31 °
Tue
32 °

Most Popular